कानपुर, लंबे इंतजार के बाद आखिर भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने पितृ पक्ष की समाप्ति के बाद नवरात्र के पहले दिन गोविंद नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर दी। भाजपा ने महानगर के उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी पर भरोसा जताते हुए मैदान में उतारा है। नामांकन की अंतिम तिथि के ठीक एक दिन पहले पार्टी ने प्रत्याशी की घोषणा की है। भाजपा में गोविंदनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी को लेकर काफी इंतजार था। यहां से 13 नाम प्रदेश नेतृत्व को भेज गए थे, जिनमें किसी एक को प्रत्याशी के लिए चुना जाना था। माना जा रहा था पितृपक्ष के चलते प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई थी। वहीं नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक आने पर पार्टी नेताओं की भी धड़कनें तेज हो गई थीं। नवरात्र के पहले दिन रविवार दोपहर पार्टी ने कानपुर के उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी पर भरोसा जताते हुए प्रत्याशी घोषित कर दिया। वह पार्टी के कुशल संगठनकर्ताओं में से एक हैं और कार्यकर्ताओं में उनकी अच्छी पैठ मानी जारही है। उनसे जातिगत समीकरण भी साधने का भी प्रयास है क्योंकि वह ब्राह्मण हैं। बताते चलें कि गोविंदनगर सीट विधायक रहे सत्यदेव पचौरी के सांसद बन जाने के बाद खाली हुई है। यह भाजपा की परंपरागत सीट मानी जाती है, यहां पर ब्राह्मण वोटरों पर पूरा समीकरण रहता है।
कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय हैं मैथानी
सुरेंद्र मैथानी कार्यकर्ताओं में बेहद लोकप्रिय नेता हैं और उनके टिकट मिलने से कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। उत्तराखंड मूल के सुरेंद्र मैथानी का जन्म कानपुर में हुआ और यहीं पर प्रारंभिक शिक्षा हुई। उनके पिता सच्चिदानंद मैथानी सरकारी सेवा में थे और उनके तबादले के समय कुछ वर्षों तक गोरखपुर में वह रहे और यहीं से संघ के स्वयंसेवक बने। इसके बाद वह कानपुर आकर बस गए और गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र में आवास बनाया। 38 वर्ष से संघ और 25 वर्ष से भाजपा में सक्रिय 54 वर्षीय एडवोकेट सुरेंद्र मैथानी पिछले आई साल से महानगर और कानपुर उत्तर जिलाध्यक्ष हैं। इससे पहले भी वह कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
गोविंद नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में सुरेंद्र मैथानी को बनाया प्रत्याशी